समिति के निष्कर्ष के आधार पर सीएम ने कहा कि सोनभद्र की घटना के मूल में कांग्रेस नेताओं द्वारा सहकारी समिति बनाकर ग्राम समाज की जमीन हथियाना मुख्य कारण बना। 17 जुलाई को घटित तात्कालिक घटना का कारण सपा नेता ग्राम प्रधान द्वारा विवादित भूमि पर जबरन कब्जा करने की कोशिश रहा। सरकार गरीबों, भूमिहीनों, जनजातियों की जमीन हड़पने के कांग्रेसी चेहरे को बेनकाब करेंगे।
सीएम ने बताया कि 10 अक्तूबर, 1952 को गठित आदर्श कृषि सहकारी समिति उभ्भा/सपही के मुख्य प्रवर्तक महेश्वर प्रसाद नारायण सिंह तथा प्रबंधक दुर्गा प्रसाद राय समेत 12 सदस्य थे। महेश्वर बिहार के कांग्रेसी नेता तथा यूपी के पूर्व राज्यपाल चंदेश्वर प्रसाद नारायण सिंह के चाचा थे। महेश्वर कांग्रेस से राज्यसभा सांसद व एमएलसी भी थे। 1989 में इसी सोसाइटी की भूमि का व्यकितगत नामों में अंतरण (ट्रांसफर) किया गया।
भूमिहीनों, वनवासियों में बंटेगी जमीन
सीएम ने बताया कि ग्राम सभा उभ्भा व सपही की 1300 बीघे जमीन आदर्श कृषक समिति से लेकर नियमानुसार ग्राम पंचायत के नाम की जाएगी। इसके बाद यह जमीन वहां के मूल निवासी भूमिहीन किसानों, गरीबों ,अनुसूचित जाति के परिवारों को दी जाएगी।
सीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग के उपसचिव गिरीश चंद्र ने इस मामले में तत्कालीन अफसरों समेत 29 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे व गलत तरीके से बेचने वाले इन आरोपियों के खिलाफ लापरवाही, धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज बनवाने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। क्षेत्राधिकारी हजरतगंज अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि एफआईआर में कई ऐसे नाम भी शामिल हैं, जिनके जीवित होने की जानकारी नहीं है। पहचान की जा रही है। विवेचना के दौरान मृत लोगों के नाम हटा लिए जाएंगे।
प्रमुख अफसरों पर केस: 1955 में त्रुटिपूर्ण आदेश देने वाले तत्कालीन तहसीलदार, रॉबर्ट्सगंज श्रीकृष्ण मालवीय, 1989 में गलत आदेश पारित करने वाले तहसीलदार जय चंद्र सिंह, सहायक अभिलेख अधिकारी राजकुमार, तत्कालीन एसडीएम घोरावल विजय प्रकाश तिवारी, तत्कालीन अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार दीक्षित समेत 15 अफसर।
दो आईएएस अफसर की पत्नियां : आईएएस अफसर प्रभात कुमार मिश्रा की पत्नी आशा व भानु प्रताप शर्मा की पत्नी विनीता शर्मा उर्फ किरन।
समिति के 12 सदस्य:आदर्श कृषि सहकारी समिति, उभ्भा व सपही के मुख्य प्रवर्तक महेश्वर, प्रबंधक दुर्गा प्रसाद राय के अलावा 10 अज्ञात सदस्य।