अर्बन मोबिलिटी कांफ्रेंस का उद्घाटन करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : amar ujala
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ व कानपुर के बाद प्रदेश के छह और शहरों में मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी। इनमें आगरा, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर व झांसी शहर शामिल हैं। इन शहरों में मेट्रो चलाने के लिए डीपीआर तैयार है। जल्द ही यहां मेट्रो का काम नजर आने लगेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एंड एक्सपो के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि शहरी जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में यह कॉन्फ्रेंस महत्वपूर्ण साबित होगी। दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में पिछले एक माह से स्मॉग को लेकर चल रही परेशानी को देखते हुए उन्होंने कहा कि यह सब हमें सस्टेनेबल डेवलपमेंट की ओर सोचने को मजबूर करता है और मेट्रो इस दिशा में एक कारगर कदम होगी।
इससे पहले केंद्रीय आवासीय एवं शहरी विकास राज्य मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि मेट्रो इंफ्रास्ट्रक्चर महंगा होने के कारण मेट्रोलाइट सेवा को विकल्प के रूप में लाया गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि मेट्रो का किराया तय करने का अधिकार नेताओं को नहीं बल्कि प्रोफेशनल्स को दिया जाना चाहिए। अगर मेट्रो सेवा मुफ्त होगी तो इसका विस्तार नहीं हो पाएगा। दिल्ली सरकार ने ये फैसला चुनाव को ध्यान में रखकर लिया है।