पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नीलकंठ तिवारी ने यश भारती पुरस्कार को समाप्त कर उसकी जगह ‘राज्य स्तरीय सांस्कृतिक पुरस्कार’ देने के निर्देश दिए हैं। पर्यटन भवन में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में उन्होंने संस्कृति नीति में भी संशोधन के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में उनकी जन्मस्थली आगरा के बटेश्वर और बलरामपुर में अटल बिहारी वाजपेयी संस्कृति संकुल केंद्र का निर्माण किया जाएगा।
संकुल केंद्र निर्माण का प्रस्तुतीकरण देखने के बाद उन्होंने अधिकारियों को बटेश्वर और बलरामपुर में केंद्र के लिए चिह्नित स्थान का निरीक्षण करने और जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर मदद लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बात करके ग्राम समाज की जमीन पर अटलजी की मूर्ति व पुस्तकालय स्थापित करने, सामुदायिक भवन बनाने, योगा केंद्र और जागिंग ट्रैक का निर्माण कराने के निर्देश दिए। बैठक में विभाग के प्रमुख सचिव जितेंद्र कुमार, संयुक्त निदेशक डॉ. वाईपी. सिंह भी शामिल हुए।