कंटेनर से टक्कर के बाद पिकअप का कुछ ऐसा हाल हो गया।
सरोजनीनगर। बिजनौर इलाके के अलीनगर खुर्द के पास मंगलवार दोपहर उल्टी दिशा से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर व पिकअप में टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चालक हरदोई के बिलग्राम निवासी रमेश चंद्र राठौर (57) एक घंटे तक केबिन में फंसे रहे। फिर उनकी मौत हो गई।
इंस्पेक्टर बिजनौर एसएन महादेवन के मुताबिक रमेश चंद्र कुर्सी रोड से पिकअप में मिनरल वाटर की बोतलें लोडकर बंथरा के गुलाब खेड़ा जा रहे थे। करीब 12:30 बजे अलीनगर खुर्द के पास उल्टी दिशा से आ रहे कंटेनर से उनके पिकअप की टक्कर हो गई।
इतना भीषण हादसा... गैस कटर से काटना पड़ा केबिन
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके से गुजर रहे लोगों की रूह कांप उठी। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस बीच चालक कंटेनर छोड़कर भाग निकला। लोगों ने रमेश को निकालने की कोशिश की, मगर वे कुछ कर न सके। कुछ देर में पहुंची पुलिस ने भी रमेश को निकालने के लिए काफी मशक्कत की, पर सफलता नहीं मिली। ऐसे में पुलिस ने गैस कटर मंगवाकर केबिन को कटवाया। इसके बाद निकाले गए बुरी तरह से लहूलुहान हो चुके रमेश को पीजीआई ट्रॉमा टू पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वीडियो फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने क्रेन की मदद से पिकअप को किनारे लगवाया। इस दौरान राहगीरों को थोड़ी समस्या का सामना करना पड़ा। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना की जानकारी रमेश के घरवालों को दे दी गई है। कंटेनर कब्जे में लिया गया है। घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के साथ ही नंबर प्लेट के आधार पर कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।