भारतीय कुश्ती संघ ने साई के समन्वय से लखनऊ में एक बार फिर राष्ट्रीय महिला कुश्ती कैंप की वापसी होने जा रही है। दस अक्तूबर से साई सेंटर के मल्टीपरपज हॉल में लगने वाले शिविर में 15 खिलाड़ी समेत 19 के कुल स्टाफ को नए दिशा निर्देशों के पालन करना होगा।
पूर्व मेें दिग्गज पहलवानों की न के चलते इस बार संघ और साई के आलाधिकारियों ने कैंप के संदर्भ में सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। इस कड़ी में सभी खिलाड़ियों से बातचीत करके लखनऊ आने के लिए बोला जा रहा है।
कैंप के नए दिशा निर्देशों के तहत पहलवानों को अपनी निगेटिव कोविड रिपोर्ट के साथ लखनऊ साई सेंटर में संपर्क करना होगा।
सबसे पहले खिलाड़ियों को एक सप्ताह के लिए एकांतवास में रखा जाएगा। अगले सप्ताह उनकी फील्ड ट्रेनिंग मसलन एक्सरसाइज एवं रनिंग होगी। 14 दिन बीतने के बाद खिलाड़ी कुश्ती की विधिवत ट्रेनिंग ले सकते हैं। कैंप में अगर कोई खिलाड़ी अस्वस्थ पाया जाता है तो उसकी देखभाल के लिए सेंटर प्रबंधन की ओर से इंतजाम किया जाएगा।
ओलंपिक क्ववालीफाइंग की होंगी कई प्रतियोगिताएं
साई के रीजनल डायरेक्टर संजय सारस्वत ने बताया कि हम कोरोना के इस मुश्किल वक्त में महिला कुश्ती कैंप को पूरी सजगता के साथ आयोजित करेंगे। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में है। जहां तक बड़े खिलाड़ियों के कैंप में शामिल होने का सवाल है तो फेडरेशन की ओर से सभी खिलाड़ियों से बातचीत की जा रही है ताकि उन्हें लखनऊ में सुरक्षित माहौल मिल सके।
उन्होंने कहा कि 10 अक्तूबर से 31 दिसंबर तक चलने वाले कैंप में कुल 19 का स्टाफ है, जिसमें 15 खिलाड़ियों के अलावा दो कोच एक फिजियो एवं एक मसाजर को शामिल किया गया है। टोक्यो ओलंपिक में तैयारियों को लेकर यह कैंप काफी अहम होगा, क्योंकि निकट भविष्य में ओलंपिक क्ववालीफाइंग की कई प्रतियोगिताएं होगी।
कैंप में शामिल होंगी ये खिलाड़ी
50 किग्रा- निर्मला देवी, पिंकी, सीमा, 53 किग्रा- विनेश, पूजा गहलोत, ललिता, 57 किग्रा- अंशू, सरिता, पूजा डांडा, 62 किग्रा- सोनम, साक्षी मलिक, नवजोत कौर, 68 किग्रा- दिव्या काकरान, निशा, अनीता, कोच- कुलदीप सिंह, साहिल शर्मा, फिजियो- धीरेंद्र प्रताप सिंह, मसाजर- जगरोशनी