लखनऊ। अमौसी एयरपोर्ट के एटीएस कॉम्प्लेक्स में बृहस्पतिवार को एयरपोर्ट अथाॅरिटी ऑफ इंडिया(एएआई) के सीएनएस प्रशिक्षण केंद्र ने दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की। इसमें परिचालन में चुनौतियां और हवाई यात्रियों की सुरक्षा पर जोर दिया गया। कार्यशाला का उद्घाटन मुख्य अतिथि एकेटीयू के कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने किया। उन्होंने विमानन क्षेत्र में एआई के फायदों को गिनाते हुए कहा कि एआई के जरिये सुरक्षा प्रबंधन को बेहतर किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने आगाह किया कि एआई पर बढ़ती निर्भरता के बीच डाटा गोपनीयता व साइबर सुरक्षा की चुनौतियों से निपटना भी जरूरी है। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े विशिष्ट अतिथि एएआई के कार्यकारी निदेशक एसके मलिक ने आधुनिक विमानन में उन्नत निगरानी तकनीकों के बारे में बताया। कहा कि देश के हवाई अड्डों की सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए तकनीकी ज्ञान को आपस में साझा करना वक्त की जरूरत है।