लखनऊ। गर्मी की छुट्टियों को रचनात्मक और यादगार बनाने के उद्देश्य से बंगाली क्लब में आयोजित 15 दिवसीय समर कैंप छुट्टी-छुट्टी का बृहस्पतिवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। 28 मई से 11 जून तक चले इस शिविर में 5 से 12 वर्ष तक के बच्चों ने कला, शिल्प, गायन, नृत्य, कहानी सुनाना, फिटनेस जानकारी और नुक्कड़ नाटक जैसी कई गतिविधियों में हिस्सा लिया।
समापन समारोह में बच्चों ने कैंप के दौरान सीखी गई प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन किया। महिला विभाग की सचिव चंद्राणी मुखर्जी ने बताया कि बच्चों को नई सीख, आत्मविश्वास और सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया था। कैंप के सफल संचालन में उपाध्यक्ष एनाक्षी सिन्हा, सिंचिता बिस्वास, कल्पिता मुखर्जी, अंजली बोस, श्रुति बोस, देवांशी भट्टाचार्य और स्निग्धा बनर्जी आदि की भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में लाॅयंस क्लब लखनऊ की ओर से सभी बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष अरुण कुमार बनर्जी सहित कई पदाधिकारी माैजूद रहे।