लखनऊ। सीतापुर रोड पर प्रस्तावित नैमिष नगर योजना का काम एलडीए ने शुरू कर दिया है। बीकेटी तहसील के पुरवा गांव में योजना का पहला साइट ऑफिस मंगलवार से बनना शुरू हो गया। एलडीए अब एसओपी के तहत योजना के लिए जमीन जुटाएगा, जिसके लिए किसानों से संपर्क किया जा रहा है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि नैमिष नगर योजना के लिए 18 गांवों की लगभग 1,084 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। इसमें ग्राम भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी व दुग्गौर शामिल हैं। योजना के लिए जमीन जुटाने में लगभग 4,785 करोड़ रुपये का व्यय अनुमानित है, जिसकी मंजूरी एलडीए प्राधिकरण बोर्ड ने प्रदान कर दी है।
उपाध्यक्ष ने बताया कि नैमिष नगर योजना में लगभग तीन लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिलेगी। संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि बीकेटी तहसील के पुरवा गांव में योजना का पहला साइट ऑफिस बनाया जा रहा है। जोनल अधिकारी संगीता राघव के नेतृत्व में मंगलवार को पुरवा गांव में अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, तहसीलदार अर्जन हेमचंद्र तिवारी व सहायक अभियंता गौरव सिंह की टीम ने साइट ऑफिस का निर्माण शुरू कराया।
सहमति के आधार पर ली जाएगी जमीन
संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया नैमिष नगर योजना के लिए किसानों से सहमति के आधार पर जमीन खरीदी जाएगी। इसके लिए प्राधिकरण बोर्ड ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का निर्धारण कर दिया है। इसके आधार पर राजस्व विभाग के सहयोग से किसानों से लगातार संवाद किया जा रहा है। जल्द ही जमीनों के बैनामे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संयुक्त सचिव ने बताया कि एलडीए योजना के साथ गांवों में भी विकास कार्य कराएगा, जिसमें संपर्क मार्ग, जल निकासी, खेल मैदान, बारात घर, स्वास्थ्य केंद्र, तालाब, कब्रिस्तान, स्कूल, पार्क व श्मशान आदि को सुदृढ़ किया जाएगा।