रामजन्मभूमि कार्यशाला में पत्थरों का चमकाने का काम हुआ तेज
- फोटो : amar ujala
राममंदिर निर्माण शुरू होने से पहले श्रीरामजन्मभूमि न्यास कार्यशाला में 28 वर्षों से खुले आसमान में रखे पत्थरों की साफ-सफाई एवं उन्हें चमकाने का काम अब तेज कर दिया गया है। पत्थरों की सफाई का काम कर रही केएलए कंस्ट्रक्शन कंपनी की क्लीन एवं क्योर शाखा ने काम में तेजी लाने के लिए दिल्ली से 15 मजदूर भी बुला लिए हैं। ये मजदूर विभिन्न प्रकार के केमिकलों का प्रयोग कर राममंदिर के पत्थरों की रंगत पुन: निखारने में जुटे हैं।
केएलए कंस्ट्रक्शन के सीईओ संदीप गर्ग ने बताया कि कार्यशाला में रखे पत्थरों की साफ-सफाई का काम तेज कर दिया गया है। हाल ही में दिल्ली से 15 मजदूर बुलाए हैं। बताया कि चूंकि 28 वर्षों से खुले आसमान में रखे होने के कारण राममंदिर के पत्थरों की चमक धूमिल हो गयी है। उनमें गहराई तक काई जम गई हैं, इसलिए इन्हें पुन: चमकाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
बताया कि उनकी कंपनी के काम से विहिप के पदाधिकारी एवं रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय व ट्रस्टी डॉ.अनिल मिश्र काफी खुश हैं। बताया कि पत्थरों को साफ करने के लिए करीब 23 प्रकार के केमिकलों का प्रयोग किया जा रहा है। रामजन्मभूमि कार्यशाला में दर्शन करने वाले भक्तों ने बहुत सारे पत्थरों पर अपने नाम भी अंकित कर रखे हैं, जिन्हें हटाने का काम भी मुश्किलों भरा है।
कहा कि कई पत्थर बड़े-बड़े हैं इन्हें हटाने के लिए क्रेन का सहारा लिया जा रहा है, इसमें सावधानी भी बरतनी होंगी जरा सी चूक होने पर पत्थरों के टूटने का भी खतरा है। बताया कि पत्थरों की सफाई के लिए स्टोन क्लीनर, एल्गो रिमूवर, स्टेन रिमूवर, रस्ट रिमूवर, सीमेंट रिमूवर, पेंट रिमूवर सहित अन्य केमिकलों का प्रयोग किया जा रहा है।