लखनऊ। एसजीपीजीआई के नैक में ए प्लस प्लस ग्रेडिंग हासिल करने के उपलक्ष्य में मंगलवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में राजभवन में विशेष बैठक हुई। उन्होंने पीजीआई निदेशक व उनकी टीम को बधाई देने के साथ कहा कि अब संस्थान को वर्ल्ड रैंकिंग के लिए काम करना चाहिए और अन्य विश्वविद्यालयों को नैक की तैयारी में मार्गदर्शन देना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि नैक की तैयारी के दौरान पीजीआई टीम ने एक परिवार की तरह मिलकर काम किया। पीजीआई को सफलता की कहानी अन्य विश्वविद्यालयों के साथ साझा करने के लिए भी कहा। आनंदीबेन ने कहा, वर्ष 2022 से अब तक राज्य के आठ विश्वविद्यालयों को ए प्लस प्लस ग्रेड, 04 विश्वविद्यालयों को ए प्लस ग्रेड तथा एक विवि को ए ग्रेड मिला है। यह उपलब्धियां राज्य के शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थानों की गुणवत्ता को दर्शाती हैं। बैठक में अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, विशेष कार्याधिकारी शिक्षा डॉ. पंकज एल जानी थे।