लखनऊ साई सेंटर में पहलवानों को स्ट्रेचिंग करवाते कोच कुलदीप मलिक
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ साई सेंटर में सात दिन के एकांतवास के बाद 11 महिला पहलवानों ने फिटनेस ट्रेनिंग शुरू कर दी। इसी के साथ भारतीय महिला कुश्ती टीम का टोक्यो ओलंपिक क्वालीफायर्स के लिए तैयारियों का आगाज हो गया। आगामी छह नवंबर को यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग फेडरेशन की बैठक में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती के आयोजनों का खाका तैयार होगा। इसी के आधार पर भारतीय महिला कुश्ती टीम के ट्रायल की तिथि भी घोषित की जाएगी।
जहां तक लखनऊ में चल रहे राष्ट्रीय महिला शिविर का सवाल है तो यहां सोमवार को 11 खिलाड़ियों समेत 27 सदस्यों की टीम ने अपने कमरों से बाहर कदम रखा। पहले दिन खिलाड़ियों ने सुबह और शाम के सत्र में चार घंटे फिटनेस ट्रेनिंग में हिस्सा लिया। मंगलवार से जिम में खिलाड़ी पसीना बहाना शुरू करेेंगे। भारतीय महिला कुश्ती टीम के चीफ कोच कुलदीप मलिक ने बताया कि पहले दिन खिलाड़ियों पर बहुत ज्यादा दबाव में नहीं डाला गया, क्योंकि सभी छह माह से कुश्ती से दूर रहे हैं।
25 को साक्षी समेत चार अन्य खिलाड़ियों के भी कैंप ज्वाइन करने की सूचना है। सबके आने के बाद ट्रेनिंग कड़ी होगी। भविष्य की तैयारियों के बाबत पूछे गए प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि फिलहाल हमें मार्च- अप्रैल माह के दौरान दो ओलंपिक क्वालीफायर्स टूर्नामेंट होने की जानकारी है। जहां तक दिसंबर माह के दौरान सर्बिया में प्रस्तावित वर्ल्ड चैंपियनशिप का सवाल है तो यह छह नवंबर को वर्ल्ड रेसलिंग फेडरेशन की बैठक में तय होगा। इसी आधार पर भारतीय कुश्ती संघ महिला कुश्ती टीम के ट्रायल की तिथि भी घोषित करेगा।
लखनऊ में चल रहे कैंप में शामिल खिलाड़ी
50 किग्रा- निर्मला, अंकुश, 53 किग्रा- विनेश अंजू, पिंकी, 57 किग्रा- सरिता, अंशू, पूजा ढांडा, 62 किग्रा- सोनम, 68 किग्रा- दिव्या, अनीता