संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार का हुआ सम्मान।
लखनऊ। भारतीय विष विज्ञान अनुसंधान केंद्र संस्थान व एमिटी विश्वविद्यालय के साझे प्रयास से विमेन इन एकेडेमिया, रिसर्च एंड मैनेजमेंट फॉर वर्क-लाइफ इनिशिएटिव्स फॉर सस्टेनेबल हेल्थ एंड एंपावरिंग सेफ्टी (वार्म-विशेज 2026) विषय पर दो दिवसीय सम्मेलन हुआ। मुख्य अतिथि संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार ने कहा कि वार्म-विशेज 2026 केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि महिला सशक्तीकरण का उत्सव है। प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में उपस्थित महिलाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए आदर्श हैं और उनकी सफलता कई अन्य लोगों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी। महिलाओं के स्वास्थ्य, उद्यमिता, जैव-प्रौद्योगिकी नवाचार व पर्यावरणीय सततता से जुड़े विषयों पर कई तकनीकी सत्र हुए। इनमें डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज व लखनऊ विवि सहित अलग-अलग संस्थानों के विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। एमिटी विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) अनिल वशिष्ठ, सीएसआईआर–इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टॉक्सिकोलॉजी रिसर्च के निदेशक प्रो. (डॉ.) भास्कर नारायण सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।