सीतापुर में डेढ़ माह से अगवा पुत्री का पता न लगने से क्षुब्ध मां ने कोतवाली में खुदकुशी की कोशिश की। इससे कोतवाली में हड़कंप मच गया। आननफानन कोतवाल को सूचना दी गई। महिला को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया गया। महिला एक झोले में रस्सी और जहर की दो शीशी लेकर कोतवाली पहुंची थी। खुदकुशी का प्रयास करने पर उससे पुलिस कर्मियों ने झोला ले लिया।
कोतवाली में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने पुत्री को अगवा करने के मामले में कार्रवाई न होने से परेशान होकर थाने में ही खुदकुशी का एलान कर दिया। जहर की दो शीशियां व फंदे के लिए रस्सी निकाल कर खुदकुशी के लिए तैयार हुई, वैसे ही पुलिस कर्मियों की सांसे फूलने लगीं। बड़ी मुश्किल से मान मनव्वल कर पुलिस वालों ने महिला को समझा कर शांत किया। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
सिधौली कोतवाली इलाके के एक गांव की रहने वाली रेशमा पत्नी रामलखन की सोलह वर्षीय बेटी दो अगस्त को अगवा कर ली गई थी। इस मामले में महिला ने गांव के ही राजपाल, कुलदीप, संदीप, रामलोटन को नामजद किया था। लेकिन घटना के करीब डेढ़ माह बाद पुलिस अब तक लड़की को बरामद नहीं कर पाई। आरोपियों के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं की।