तुलसीपुर (श्रावस्ती)। गजोबरी गांव के निकट सिंचाई विभाग के बाग स्थित झाड़ी में मंगलवार रात अज्ञात महिला का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस शव की शिनाख्त करवाने में जुटी रही।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राप्ती बैराज के निकट मोहनपुर भरथा गांव के पास सिंचाई विभाग का बाग है। बाग स्थित झाड़ी में मंगलवार रात अज्ञात महिला का शव देख स्थानीय लोगों ने मल्हीपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष मल्हीपुर शैलकांत उपाध्याय ने शव को कब्जे में ले लिया। इस दौरान कुछ दूरी पर महिला की चप्पल पड़ी दिखी। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना के बाद एएसपी प्रवीण कुमार यादव, सीओ भिनगा संतोष कुमार ने स्थिति का जायजा लिया। वहीं मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। एएसपी ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। आसपास गांव के लोगों से पहचान कराई जा रही। शव को मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है।