लखनऊ। सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट कर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पीड़ित ने रविवार शाम आरोपी महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पारा स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी रंजीत सिंह के अनुसार, वह भाजपा महानगर लखनऊ के सोशल मीडिया प्रभारी हैं। 6 मार्च को होली के अवसर पर चौकी इंचार्ज मुन्ना लाल को सम्मानित किया गया था। संवेदनशील इलाके में त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने पर कॉलोनी के लोगों ने उनका आभार जताया था। आरोप है कि पुरानी कांशीराम कॉलोनी निवासी हिमांशी यादव उर्फ मानसी ने फेसबुक से फोटो निकालकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दी। साथ ही चौकी इंचार्ज, थाना प्रभारी और रंजीत सिंह की तस्वीर लगाकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। रंजीत का कहना है कि उनकी मां घर पर अकेली रहती हैं। ऐसे में किसी भी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।