लखनऊ। ई रिक्शा से घर जा रही महिला को रास्ते में झपकी आ गई। इस दौरान उनके बैग में रखा जेवर भरा पर्स चोरी हो गया। कृष्णानगर पुलिस ने शनिवार को चालक समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
आलमबाग की बड़ा बरहा रेलवे कॉलोनी निवासी प्रियंका यादव के मुताबिक कुछ दिन पहले वह अली नगर सुनहरा स्थित भाई के घर शादी समारोह में गई थीं। 26 जुलाई को सुबह 9.45 बजे वह चार वर्षीय बेटे के साथ घर के लिए निकलीं। ई रिक्शे में पहले से एक यात्री सवार था। ई रिक्शे में प्रियंका के दो बैग भी रखे थे। कृष्णा नगर मेट्रो स्टेशन पार करने के बाद थकावट के कारण उनकी आंख लग गई।आलमबाग बस स्टैंड पहुंचने पर वह उतर गईं। घर पहुंचने के दो दिन बाद जब बैग खोला तो जेवर भरा पर्स गायब था।