चंद्रिका देवी रोड के कठवारा गांव में रविवार दोपहर कार चलाना सीख रही महिला ने पांच मजदूरों को रौंद दिया। हादसे में मजदूर बुद्धालाल (50) की मौत हो गई। जबकि अन्य चार घायलों में दो की हालत नाजुक बनी हुई है। कार को कब्जे में लेकर पुलिस आरोपी महिला को तलाश रही है। मृतक के परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, चंद्रिका देवी रोड पर सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। दोपहर 12 बजे कठवारा गांव के पास 15 नंबर राजकीय नलकूप पर दर्जनों मजदूर काम कर रहे थे। इस दौरान बीकेटी से कठवारा जा रही तेज रफ्तार कार ने मजदूरों को रौंद दिया। हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां खानपुर निवासी बुद्धालाल की मौत हो गई। वहीं, हादसे में लल्ला, छन्ना उर्फ छविनाथ, कृष्णकुमार और शाहपुर का राम खिलावन घायल हो गए। हालत गंभीर देख राम खिलावन व कृष्णकुमार को ट्रॉमा रेफर कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, कार को कब्जे में ले लिया गया है। पूछताछ में सामने आया कि कार महिला चला रही थी, लेकिन जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो कार में कोई नहीं था। महिला की तलाश की जा रही है। वाहन नंबर के आधार पर कार मालिक गोमतीनगर इलाके के रहने वाले हैं। आशंका है कि महिला कार चलाना सीख रही थी। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया। घायलों का आरोप है कि कार महिला चला रही थी और वाहन में एक पुरुष और एक बच्चा भी था।
खुदी पड़ी सड़क, आए दिन हो रहे हादसे
कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बख्शी का तालाब से लेकर चंद्रिका देवी मंदिर तक करीब 12 किलोमीटर तक चौड़ीकरण के नाम पर दोनों और सड़क खोदकर छोड़ दी गई है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि माहभर में यहां हुए चार से अधिक सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो चुकी है।