लखनऊ। गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को 45 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जीआरपी ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। महिला की पहचान कुसुम चौहान (45) के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि कुसुम की बेटी महक की सास लारी में भर्ती हैं। उन्हें देखने के लिए वह बलरामपुर जिले से लखनऊ आई थीं। सोमवार को उन्हें लौटना था। इसके लिए उन्हें गोमतीनगर स्टेशन से ट्रेन पकड़नी थी। कुसुम के भाई प्रमोद कुमार ने बताया कि ट्रेन में चढ़ने के दौरान कुसुम का पैर फिसल गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गईं और उनकी मौत हो गई। कुसुम के पति सुरेश कुमार बलरामपुर में शुगर मिल में काम करते हैं।