अमावां। भदोखर के कोला हैबतपुर, मेजरगंज निवासी मोहम्मद मुमताज बाइक से मां नूरजहां (50) को लेकर बृहस्पतिवार को चंदापुर स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। मिल एरिया के मोहम्मदपुर चुरई के पास गांव के फतेह मोहम्मद बाइक से अयोध्या राजमार्ग पर जैसे ही आए, तभी दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां नूरजहां को चिकित्सकाें ने मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल फतेह मोहम्मद व मोहम्मद मुमताज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोगों का कहना है कि हादसे के समय दोनों बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था। चौकी प्रभारी दिलीप पासवान ने बताया कि सड़क हादसे में महिला की मौत हुई है। दोनों बाइक चालक घायल हैं। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।