लखनऊ। इटौंजा के मुन्नू पुरवा निवासी सोनम (23) की बृहस्पतिवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। पति दीपक ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 8ः30 बजे वह अपनी चार माह की बेटी लक्ष्मी और पत्नी सोनम के साथ बेटी को डॉक्टर को दिखाने सीतापुर के सिधौली कस्बा जा रहे थे। रास्ते में नेवादा के पास अवैध रूप से बने कट से निकली तेज रफ्तार कार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दीपक की बाइक अनियंत्रित होकर घिसटती चली गई। इससे बेटी छटककर दूर जा गिरी और घायल हो गई। सोनम भी गंभीर रूप से घायल हो गईं और दीपक को मामूली चोट लगी।दुकानदारों ने पुलिस की मदद से तीनों को सीएचसी इटौंजा पहुंचवाया, जहां पर डॉक्टरों ने सोनम (23) को मृत घोषित कर दिया। सिर पर चोट लगने से लक्ष्मी को राम सागर मिश्र हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। दीपक को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। इंस्पेक्टर इटौंजा सोबरन सिंह ने बताया कि आसपास के कैमरे देखे जा रहे हैं। शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।