दांत दर्द से परेशान एक महिला जब दर्द से मुक्ति के लिए जिला अस्पताल पहुंची तो वहां उसका कष्ट दूर होने के बजाय और बढ़ गया।
ऐसा इसलिए क्योंकि डेंटिस्ट की सहयोगी डेंटल हाइजीनिस्टि ने संक्रमित एक दांत के बजाए पूरा जबड़ा ही निकाल दिया। महिला की हालत बिगड़ गई तो डॉक्टर की सहयोगी ने इलाज से हाथ खड़े कर दिए। पीड़िता ने निजी चिकित्सालय में इलाज कराया है। उसके पति ने सीएमएस से दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
रायपुर राजा मोहल्ला निवासी रामफल तिवारी की पत्नी माधुरी तिवारी (46) को दांत दर्द की शिकायत थी। बुधवार सुबह माधुरी जिला अस्पताल के दंत रोग विभाग में पहुंची।
वहां ड्यूटी पर मौजूद डेंटल हाइजेनिस्ट प्रभा ने दांत की हालत देखी और निकलवाने की सलाह दी। इसके बदले उन्होंने दो सौ रुपये मांगे, जिस पर माधुरी राजी हो गईं। डॉक्टर की गैरमौजूदगी में प्रभा ने संक्रमित दांत तो निकाला ही लेकिन उसके साथ जबड़े के पांच और दांत निकाल दिए।