राजभवन कॉलोनी में पर्यटन व महिला कल्याण विभाग की कैबिनेट मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी के आवास पर सोमवार शाम इलाहाबाद की गिरिजा देवी पांडेय ने आत्मदाह की कोशिश कर हड़कंप मचा दिया। गिरिजा देवी परिजनों के खिलाफ दर्ज मुकदमे खत्म कराने की मांग कर रही थीं जिस पर मंत्री ने इनकार कर दिया।
मंत्री के सुरक्षाकर्मियों से सूचना पाकर हजरतगंज कोतवाली और महिला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गिरिजा को महिला थाना में रखा गया है। देर रात तक उनके खिलाफ किसी ने तहरीर नहीं दी थी। इंस्पेक्टर आनंद कुमार शाही ने बताया कि गिरिजा देवी मीरापुर अतरसुइयां इलाहाबाद की रहने वाली हैं। उनके परिजनों के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।