सीतापुर के रेउसा में घर के अंदर मां के पास सो रहे एक मासूम बच्चे को जंगली जानवर उठा ले गया। एक ही चारपाई पर लेटी बच्चे की मां को इसकी भनक तक नहीं लगी। बाहर सो रहे पिता की आंख खुलने पर जब उसने बच्चा लापता देखा तब परिवार में हड़कम्प मच गया।
घर से लेकर खेतों तक किसी जंगली जानवर के पगचिन्ह पाए गए हैं। चीख-पुकार सुनकर जमा हुए ग्रामीणों के काफी तलाश के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने कॉम्बिंग की, मगर कुछ हाथ नहीं लगा। वन विभाग ने पगचिन्हों के नमूने जांच के लिए भेजे हैं।
बिसवां के रेंजर रामानंद अवस्थी ने बताया कि पैरों के निशान देखकर जंगली जानवर भेड़िया होने की संभावना अधिक लग रही है। पगचिन्ह के फोटो व अन्य ब्यौरे की जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी कि हमलावर कौन सा जानवर है। वनकर्मियों को निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों से भी सतर्क रहने को कहा गया है।
फिलहाल पैरों के निशान देखने से भेड़िया होने का अनुमान वन विभाग के अफसर लगा रहे हैं। हादसे के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। थानाक्षेत्र के भरथा गांव में रहने वाला कुन्नू रविवार की रात घर के दरवाजे पर चारपाई पर लेटा था, जबकि उसकी पत्नी फूलमती अपने 20 दिन के बच्चे को लेकर कमरे में दूसरी चारपाई पर सो रही थी।