लखनऊ। चारबाग स्टेशन पर बड़ी लाइन के पास चार दिसंबर की रात अगवा की गई तीन वर्ष की रितिका का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस की एक टीम कानपुर में मौजूद है। परिवार को कॉल करने वाली महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उस कॉलर को ट्रेस किया, जिसने बच्ची के कानपुर के घंटाघर पर होने की बात परिजनों को बताई थी। पुलिस कॉल करने वाली महिला तक पहुंची तो उसने एक युवक के बारे में बताया। महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बच्ची के परिजनों को भी बुलाया गया है। फिलहाल वे लोग प्रयागराज में हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रतिदिन वह केस की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अब तक उसके बारे में कोई अहम सुराग नहीं मिला सका है।