गोसाईंगंज पुलिस ने रविवार को पंजाब से राजधानी में शराब की तस्करी करने वाले गैंग के सरगना शैलेंद्र जायसवाल उर्फ बिक्कू को पुलिस ने इंदिरा नहर हबुआ पुल के पास से दबोच लिया। पुलिस गैंग के बाकी बदमाशों की तलाश कर रही है।
गोसाईंगंज थाना प्रभारी धीरेंद्र कुशवाहा ने बताया, मुखबिर से सूचना मिली थी कि शराब तस्करी गैंग का सरगना शैलेंद्र जायसवाल उर्फ बिक्कू इंदिरा नहर हबुआ पुल के पास खड़ा है। पुलिस ने वहां उसे दौड़कार पकड़ लिया। उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। शैलेंद्र मूलरूप से बैती गांव रायबरेली का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में शराब तस्करी करके गोसाईंगंज में बने गोदाम में लाई गई है। इसके बाद मौके पर पहुंच कर पुलिस को वहां से करीब 40,320 विंडीज ब्रांड शीशियां, 2780 लाल रंग की और 840 पेटी शराब बरामद हुई थी। पुलिस के मुताबिक, उस वक्त कुछ बदमाश पकड़े गए थे और सरगना समेत कुछ भाग गए थे। रविवार को गैंग के सरगना के गिरफ्तार होने के बाद पुलिस बाकी बदमाशों का पता लगा रही है।