सुल्तानपुर हाईवे पर बृहस्पतिवार को गिरा पेड़।
मोहनलालगंज। तेज हवा, बारिश से बृहस्पतिवार को राजधानी से लेकर गांवों तक में बिजली संकट बना रहा। मोहनलालगंज में सुबह नौ बजे तार पर पेड़ गिरने से सिसेंडी, फत्तेखेडा, कनकहा, धनुवासाड व यूपीएएल-दो फीडर की बिजली ठप हो गई। इससे 55 गांवों की सवा लाख की आबादी नौ घंटे तक बिना बिजली के रही।
नगराम में समेसी उपकेंद्र के बहरौली समेसी मीरखनगर नगराम फीडर की आपूर्ति सुबह से देर शाम तक कई बार ठप हुई। शारदानगर पावर हाउस के चंद्रावल फीडर लाइन पर पेड़ गिरने से दोपहर 11 बजे गुल हुई बिजली शाम करीब सात बजे चालू हो सकी। नटकुर गांव में कई जगह तार टूटे। बंथरा के बनी पावर हाउस के हरौनी फीडर की लाइन की आपूर्ति दोपहर दो बजे ठप हो गई, जो देर शाम तक नहीं बहाल हो सकी। गोमतीनगर विस्तार के पटेलपुरम, सुलभ आवास, कमता के विमलनगर, संतपुरम कॉलोनी, कल्यानी विहार और दुबग्गा में लाइन पर पेड़ गिरने से रहमानखेड़ा उपकेंद्र की बिजली ठप हुई। राजधानी में भी कई इलाकों में संकट रहा।