लखनऊ। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ आंदोलन (तहफ्फुज-ए-अवकाफ मुहिम) फिर शुरू करने का निर्णय लिया है। ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर बोर्ड ने 16 मई तक सार्वजनिक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया था।
बोर्ड के राष्ट्रीय प्रवक्ता और ऑल इंडिया तहफ्फुज-ए-अवकाफ कमेटी के संयोजक डॉ. सैयद कासिम रसूल इलियास ने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए मुख्य फोकस बिहार पर है। बोर्ड ने वहां के शहरों में कार्यक्रमों के आयोजन की जिम्मेदारी इमारत-ए-शरिया बिहार, ओडिशा व झारखंड को दी है। हैदराबाद में 22 मई को महिलाओं के लिए जनसभा और निजामाबाद में 30 मई को जनसभा होगी। महाराष्ट्र के जलगांव में 23 मई, नांदेड़ में 24 मई और औरंगाबाद में 25 मई को सभा होगी। केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू हैं। कहा, कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार द्वारा फैलाए गए भ्रम को दूर किया जाएगा।