नमो बुद्धाय जन सेवा समिति ने बसपा संस्थापक कांशीराम की 87वीं जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। रविंद्रालय में आयोजित ‘बहुजन अधिकार महापंचायत’ में बहराइच की पूर्व सांसद सावित्री बाई फुले ने कहा कि ‘भारतीय संविधान लागू करो, आरक्षण कोटा पूरा करो’ नारा अभी तक अधूरा है। इसे पूरा कराने के लिए बहुजन से लंबी लड़ाई के तैयार रहना होगा। आगामी विधानसभा चुनाव में ‘कांशीराम बहुजन समाज पार्टी’ को जिताकर इस मिशन को पूरा किया जा सकता है।
फुले ने कहा कि मोदी सरकार की नीति और कार्यशैली से पूरा भारत जल रहा है। जमाखोरी, महंगाई, भुखमरी, बेरोजगारी और शोषण चरम पर है। जन सेवा समिति बहुजनों को संगठित करके एक मंच पर लाने का काम करती चली आ रही है। अनुसूचित जाति की जो भागीदारी विभिन्न सरकारी विभागों में हैं, उसका निजीकरण करके उनके अधिकार एवं भागीदारी को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह ‘बहुजन अधिकार महापंचायत’ पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अल्पसंख्यक कल्याण वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए है।
समिति के अध्यक्ष अक्षयवर नाथ कनौजिया ने कहा कि कांशीराम बहुजन समाज पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव सावित्री बाई फुले के नेतृत्व में लड़ेगी।