बौद्ध परिपथ पर बलरामपुर सीमा क्षेत्र में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
इकौना (श्रावस्ती)। चौबे जोत से बलरामपुर जा रहे बाइक सवार दंपती को शुक्रवार बलरामपुर सीमा पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घायलों को सीएचसी इकौना लाया गया। जहां चिकित्सकों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया। जबकि पति को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया है।
बलरामपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम शेखरपुर निवासी अखिलेश कुमार कश्यप (25) का विवाह तीन माह पूर्व इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम इकौना देहात के मजरा चौबे जोत निवासी नीतू कश्यप (21) से हुआ था। शुक्रवार को अखिलेश बाइक से नीतू को लेकर शेखरपुर जा रहा था। बौद्ध परिपथ स्थित बलरामपुर सीमा क्षेत्र के घुघुरपुर गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दंपती बाइक समेत मार्ग किनारे खड्ड में जा गिरे। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत भाग निकला। घायल दंपती को सीएचसी इकौना लाया गया। जहां चिकित्सकों ने नीतू को मृत घोषित कर दिया। जबकि अखिलेश को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर है।