कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती में हुई गड़बड़ी में सत्ताधारी दल के लोग शामिल हैं। अब शिक्षा विभाग में फर्जी शिक्षक वेतन महाघोटाला सामने आया है। यह सैकड़ों करोड़ का घोटाला है।
श्रावस्ती में 6 फर्जी शिक्षक मिले हैं, जो वेतन ले रहे थे। ललितपुर में 12 फर्जी उर्दू शिक्षकों का नाम आया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोना ने कहा कि सत्ता संरक्षण में पूरा शिक्षा विभाग भ्रष्टाचार के दलदल में फंसा हुआ है। एक तरफ अभी 69 हजार शिक्षक भर्ती में घोटाला सामने आया है।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले अनामिका शुक्ला का मामला सामने आया था। एक नाम पर कैसे दो दर्जन से अधिक जगह से वेतन लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में डकैतों का गिरोह चल रहा है। इस गिरोह को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने मांग की कि इस महाघोटाले की न्यायिक जांच उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय के जज के निगरानी में कराई जाए।