लखनऊ। ठाकुरगंज में प्रेरणा स्थल पार्क के पास सोमवार को ड्राइविंग सीखते समय अनियंत्रित हुई एसयूवी नाले में जाकर पलट गई। हादसे में दंपती व उनका बेटा घायल हो गया। दमकल कर्मचारियों ने सीढ़ी लगाकर तीनों को नाले से निकाला।
प्रेरणा स्थल चौकी इंचार्ज सर्वेश नायक के मुताबिक हुसैनाबाद निवासी अदनान खान सोमवार दोपहर को पिता मदारू खान और मां अफरोज के साथ एसयूवी से आईआईएम रोड गए थे। एसयूवी अदनान चला रहे थे। दोपहर दो बजे घर लौटते समय मदारू ने बेटे को उन्हें ड्राइविंग सिखाने के लिए कहा। इस पर अदनान ड्राइविंग सीट से बगल वाली सीट पर आा गए और मदारू गाड़ी चलाने लगे। इस दौरान ब्रेक के बजाय एक्सीलेटर पर उनका पैर पड़ गया और तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी।
घटना से चीख-पुकार मच गई। मौके पर भीड़ जुट गई। हादसे की जानकारी चौकी इंचार्ज और दमकलकर्मियों को दी गई। पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मदारू व अफरोज मामूली रूप से चोटिल हुए हैं। अदनान को ज्यादा चोटें आई हैं।