रायबरेली। महिला अस्पताल में प्रसूताओं की मौत का मामला विधानसभा पहुंच गया है। मुख्य सचेतक और ऊंचाहार से सपा विधायक डॉ. मनोज पांडेय ने मामले को विधानसभा में उठाया। इसके बाद बृहस्पतिवार को शासन के आदेश पर निदेशक (नर्सिंग) डॉ. अनीता शर्मा ने जिले में पहुंचकर छह घंटे जांच की। सीएमएस के अलावा चिकित्सकों व अन्य स्टाफ के साथ ही पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि जांच पूरी करके शासन को जल्द ही सौपेंगे।
विधायक ने विधानसभा में मामला उठाकर प्रसूताओं पारूल सिंह, कल्पना तिवारी की प्रसव के दौरान लापरवाही व रुपये न देने पर ठीक से इलाज न करने का आरोप लगाते हुए जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। सारे आरोप महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. रेनू चौधरी व अन्य स्टाफ पर लगाए गए।
विधानसभा में मामला उठने के बाद बृहस्पतिवार को निदेशक (नर्सिंग) डॉ. अनीता शर्मा जांच करने के लिए पहुंचीं। सीएमओ कार्यालय में करीब छह घंटे तक जांच की। महिला अस्पताल से सभी अभिलेखों को मंगवाकर खामियां खंगाली। सभी के बयान भी दर्ज किए।
उन्होंने बताया कि शासन के आदेश पर जांच की गई है। अस्पताल के पूरे स्टाफ के साथ ही पीड़ित परिवारों के सदस्यों के बयान दर्ज किए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही निष्कर्ष निकलेगा।