रायबरेली। शिक्षक सुनील, पत्नी पूनम और मासूम बेटियों सृष्टि और समीक्षा के शव शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद कफन में लिपटे गांव पहुंचे तो मौजूद हर शख्स की आंखें भर गईं। बुजुर्ग माता-पिता बेसुध हो गए। हर तरफ बस चीख और चीत्कार थी। हर जुबां पर बस हत्याकांड की चर्चा ही रही। अमेठी में सभी को बृहस्पतिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शिक्षक सुनील कुमार के बड़े भाई सोनू मुंबई स्थित फैक्टरी में दैनिक मजदूर हैं। बृहस्पतिवार को घटना की जानकारी मिली तो वह मुंबई से घर के लिए रवाना हो गए। उनके देर रात तक गांव पहुंचने की उम्मीद है। पिता व मां को बड़े बेटे के आने का इंतजार है, जिसके बाद शनिवार को सभी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
विज्ञापन
शिक्षक के पिता राम गोपाल व मां राजवती को ग्रामीणों ने किसी तरह से संभाला। इस बीच बृहस्पतिवार पूरी रात ग्रामीण जागते रहे। भूख-प्यास सब खत्म हो गई थी। नियति के खेल के आगे दोनों बेबस नजर आए। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे गांव में एंबुलेंस के सायरन की आवाज सुनाई पड़ी तो हर शख्स घर से निकलकर उनके अंतिम दर्शन के लिए दौड़ पड़ा। कफन में जब चारों के शव घर के बाहर रखे गए तो मंजर देख हर कोई सिहर उठा। बेटे, बहू, पोतियों के शव देखकर राम गोपाल बेसुध हो गए। वहीं, राजवती की चीखें विधाता से इंसाफ मांग रही थीं। किस बात की सजा मिली है, यह कहते हुए मां राजवती बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ीं। शिक्षक सुनील की बहन सुनीता भी भाई, भाभी और भतीजियों के शव देखकर बदहवास हो गईं। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें संभाला। ग्रामीणों के लिए यह दृश्य किसी अभिशाप से कम नहीं था।
पुलिस की नम हुईं आंखें
चीख और चीत्कार सुन पुलिसकर्मियों की आंख भी नम हो गई। सीओ डलमऊ अरुण कुमार नौहवार जब राम गोपाल को सुनील के शव के पास लेकर पहुंचे तो उनकी करुण क्रंदन सुन खुद भी भावुक हो गए।
विज्ञापन
घरों में नहीं जले चूल्हे
सुदामापुर गांव में शिक्षक राकेश के आसपास के घरों में शुक्रवार को चूल्हे नहीं जले। लोग भूख-प्यास भूल केवल राम गोपाल और उनके परिवार का साथ देते नजर आए।