दुबग्गा। पारा के परसादी खेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन नाले में शनिवार सुबह वेल्डिंग कारीगर का शव मिला। मृतक की पहचान उन्नाव के सराय गांव निवासी रंजीत विश्वकर्मा (25) के रूप में हुई। रंजीत के सिर और नाक से खून निकल रहा था। शरीर पर भी कई चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप लगाया है।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के अनुसार, रंजीत हंसखेड़ा में किराये के मकान में पत्नी प्रीति और दो बेटियों के साथ रहते थे। उनके भाई सजीवन ने बताया कि बृहस्पतिवार को बृहस्पतिवार को गांव में परिचित की शादी के कारण रंजीत अपनी पत्नी और बेटियों को छोड़कर लखनऊ चले गए थे। शुक्रवार रात उनकी पत्नी से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने शनिवार को उन्नाव आने की बात कही थी। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। नाले के पास बाइक भी गिरी मिली।
सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सजीवन ने बताया कि रंजीत के गले और चेहरे पर चोट के निशान थे। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगालने की मांग की। इंस्पेक्टर ने प्रथम दृष्टया वाहन की टक्कर से मौत की आशंका जताई है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद सभी बिंदुओं पर जांच की जाएंगी। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।