लखनऊ। संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से बाल विवाह, कम उम्र और जबरन विवाह की समाप्ति के लिए 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किए जाने का संवाद सामाजिक संस्थान ने स्वागत किया है। संस्था देश में बाल विवाह के खिलाफ अभियान चला रहे जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) का सहयोगी संगठन है। जेआरसी लंबे समय से इस दिवस की मांग कर रहा था। संवाद सामाजिक संस्थान के निदेशक अतुल तिवारी ने शनिवार को शिक्षक दिवस के मौके पर हुए कार्यक्रम में कहा कि भारत से उठी आवाज पूरी दुनिया का संकल्प बन गई है।