लखनऊ के पुलिस लाइन मैदान पर भी अब शादियां व अन्य समारोह हो सकेंगे। वहीं छोटे कार्यक्रमों के लिए जिम्नेजियम हॉल भी मामूली किराए पर बुक किए जा सकेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मैदान की सफाई में आने वाले खर्च के हिसाब से मैदान की बुकिंग के आदेश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि किराए की रकम सिर्फ इतनी तय की जाए कि जिससे समारोह के बाद ग्राउंड की साफ-सफाई हो सके। एसएसपी ने रविवार सुबह पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। खंडहर हो चले पुराना अस्पताल भवन, जिला नियंत्रण कक्ष, 42 आवास और चार बैरकों को जल्द निष्प्रयोज्य घोषित कराकर नया निर्माण कराया जाएगा।
आवासीय व गैर आवासीय भवनों पर घास देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। मुख्यमार्ग के सौंदर्यीकरण के साथ पुलिस लाइन के सभी द्वार पर एरिया गारद नियुक्त करने के आदेश दिए। कप्तान ने पुलिस लाइन परिसर को चार जोन में बांटकर प्रत्येक जोन में मुख्य आरक्षी के नेतृत्व में टीम गठित करके सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के आदेश दिए।
उन्होंने कमेटी गठित करके पुलिस लाइन परिसर स्थित सभी दुकानों व कैंटीन के निर्धारित किराए की समीक्षा और नई दरें तय करने का आदेश दिया।