शासन के एक फैसले से शहर के 41 परिवारों में शादी समारोह की तैयारियों पर छाए संकट के बादल अब छंट गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हस्तक्षेप के बाद शुक्रवार को एलडीए ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आईजीपी) में 21 से 30 नवंबर के बीच होने वाली सभी निरस्त शादियों की बुकिंग को बहाल कर दिया है।
अमर उजाला में लगातार प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए सीएम योगी के हस्तक्षेप पर एलडीए उपाध्यक्ष ने सभी रद्द बुकिंग बहाल करने का निर्देश जारी किया है। 5 नवंबर को खबर प्रकाशित होने के बाद 7 नवंबर को पीड़ित परिवारों और कारोबारियों ने सीएम से हस्तक्षेप की मांग की। शुक्रवार को सीएम के निर्देश पर इन्वेस्ट यूपी ने नया पत्र जारी किया कि अब उन्हें आयोजन के लिए आईजीपी की जरूरत नहीं है। इसके बाद एलडीए ने सभी निरस्त बुकिंग को तत्काल बहाल कर दिया। आवंटियों को सूचित भी किया।
परिवारों को भेजी जा रही सूचना
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आईजीपी की पूर्व में रद्द सभी बुकिंग बहाल कर दी गई है। लोग अपनी निर्धारित तारीखों पर शादी समारोह आयोजित कर सकेंगे। जिन लोगों ने बुकिंग कैंसिल कराई थी, उन्हें उसी तारीख पर फिर से हॉल और लॉन का विकल्प दिया जा रहा है। इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
आवंटी बोले...अफसरों की नासमझी से झेलनी पड़ी समस्या
चार नवंबर को एलडीए से फोन आने पर मैंने दूसरी जगह बुकिंग करा ली थी। अब एलडीए ने फिर फोन करके बताया कि आपकी बुकिंग बहाल हो गई है। एलडीए की इस व्यवस्था से मुझे तो परेशानी तो झेलनी पड़ी ही, सरकार को भी नुकसान हुआ।
-
एमपी गौतम,
विरामखंड
आईजीपी में 25 नवंबर की बुकिंग रद्द होने के बाद दूसरी जगह एक लाख रुपये एडवांस देकर बुकिंग कराई थी। अब एलडीए ने बहाली की सूचना दी है, उम्मीद है कि दूसरी जगह का एडवांस वापस हो जाएगा, नहीं तो नुकसान होगा।
-
नीरज सिंह,
इंदिरानगर
टेंट कारोबारियों में खुशी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जताया आभार
आईजीपी में शादियों की बुकिंग बहाल होने पर टेंट कारोबारियों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। उत्तर प्रदेश टेंट कैटरर्स एंड डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि सीएम योगी ने कारोबारियों की परेशानी पर त्वरित संज्ञान लेकर राहत दी, इसके लिए पूरा एसोसिएशन आभारी है। इस दौरान ऋतिक जायसवाल, मोहम्मद इमरान, अशोक गुरनानी, मनोज और अभिनव शर्मा मौजूद रहे।