शीत लहर का प्रकोप पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को परेशान करने वाला है। मौसम विभाग ने फिलहाल इससे राहत के आसार से इंकार किया है। पश्चिम के साथ मध्य और पूर्वी यूपी में भी शीतलहर चल रही है। मंगलवार को प्रदेश कोहरे की सफेद चादर से ढका हुआ नजर आया। बनारस,आगरा और प्रयागराज में कोहरा इतना घना रहा कि वहां दृश्यता शून्य दर्ज हुई है। जबकि इटावा, मुजफ्फरनगर, झांसी, फर्रुखाबाद में 10 मीटर, अलीगढ़ में 20 मीटर, बरेली, बहराइच और बलिया में 40 मीटर, मेरठ, नजीबाबाद, अयोध्या में 50 मीटर तक रही दृश्यता रिकॉर्ड हुई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, कोहरे से फिलहाल कोई राहत के आसार नहीं है। हालांकि पुरवा हवा चलने से पारे में कुछ दिन बढ़ने की प्रवृत्ति रहेगी, लेकिन ये राहत अस्थायी होगी। शीतलहर का कहर अभी जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया
हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा, बिजनौर, बदायूं व आसपास घना कोहरे के आसार हैं।
शीतलहर से होंगे प्रभावित
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल व आसपास के इलाकों में शीत लहर चल सकती है।