समाजवादी पार्टी में गद्दारों की तलाश व पहचान का काम रुकेगा नहीं। पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने रविवार को यहां बताया कि सभी 26 जिलों के पर्यवेक्षक 27, 28, 29 व 30 अक्तूबर को निर्धारित जिलों में जाकर लोकसभा चुनाव में गद्दारी करने वालों का पता लगाएंगे।
उन्हें एक नवंबर को अपनी जांच रिपोर्ट पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव को देनी है।
पार्टी को पर्यवेक्षकों से उम्मीद है कि वे आवंटित जिलों में जाकर निष्पक्षता से तथ्यों का पता लगाएंगे। अगर कहीं गुटबाजी है तो उससे दूर रहकर गुटबंदी करने वाले लोगों या पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने वाले व्यक्तियों के बारे में रिपोर्ट देंगे।
गौरतलब है कि सपा ने लोकसभा चुनाव में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ काम करने वाले सपाइयों की पहचान कराने की घोषणा की थी।
घोषणा के मुताबिक पर्यवेक्षकों को आजमगढ़, प्रतापगढ़, इलाहाबाद, फैजाबाद, संत रविदासनगर, अमेठी, रायबरेली, बहराइच, कानपुर देहात, संतकबीरनगर, खीरी, सीतापुर, सुल्तानपुर, कुशीनगर, देवरिया, जौनपुर, बाराबंकी, कौशांबी, चंदौली, उन्नाव, मऊ, वाराणसी, अंबेडकरनगर, लखनऊ, गाजीपुर और बलिया जाकर गद्दारों की पहचान व तलाश करनी है।