सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि समय आने पर हम बसपा को देने (रिटर्न गिफ्ट) से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा, अब सपा और बसपा के बीच भाजपा झगड़ा नहीं करवा पाएगी।
मैं बसपा नेता मायावती के तजुर्बे पर ज्यादा भरोसा करूंगा। फूलपुर व इलाहाबाद के लोकसभा उप चुनाव की तरह ही आने वाले चुनाव भी भाजपा नहीं जीत पाएगी।
अखिलेश मंगलवार को विधान परिषद में बजट पर चर्चा के दौरान अपनी बात रख रहे थे। उन्होंने नेता सदन डॉ. दिनेश शर्मा से मुखातिब होते हुए कहा, केंद्र में अगली सरकार आपकी नहीं आनी है, क्योंकि हमारी और उनकी (बसपा की) दोस्ती हो गई है।
अखिलेश ने मायावती का बिना नाम लिए कहा, बसपा नेता का धन्यवाद दूंगा। जो लड़ाई हम अकेले लड़ रहे थे, उसमें उनका सहयोग मिल गया। पीस पार्टी, निषाद पार्टी और बिंद लोगों का भी साथ मिला, जिसके परिणाम भी लोकसभा उपचुनाव में देख लिए।
अखिलेश ने कहा कि जनता को गोलबंद करने के लिए जो फॉर्मूला भाजपा ने अपनाया, वही अब हम लागू कर रहे हैं। भाजपा सदस्यों की ओर इशारा करते हुए कहा, सपा और बसपा के बीच झगड़ा लगवाने के लिए आप गेस्ट हाउस कांड की याद दिलवा रहे हैं।
मुझे खुशी है कि उसका जवाब बसपा की नेता (मायावती) ने ही दे दिया। फिर बसपा सदस्यों की ओर देखते हुए बोले-लगता है, हमारा आपका गठबंधन जल्दी हो गया। बीजेपी वाले अब तैयारी कर रहे होंगे कि जनता को कैसे समझाया जाए, पर इस बार जनता को समझाना हमें भी आ गया है।
अखिलेश ने कहा, आपको (भाजपा) हराने के लिए जिसके पास ज्यादा तजुर्बा होगा, उस पर ज्यादा भरोसा करूंगा। राज्यसभा चुनाव में आपकी कम संख्या होने के बावजूद आपने बसपा प्रत्याशी को हरवा दिया। लेकिन, हमारा दिल बड़ा है। कुछ देना पड़ेगा तो दे देंगे।