सरयू नहर में बने वाटरफॉल में मौज मस्ती करते लोग।
- फोटो : संवाद
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। मुख्य सरयू नहर खंड नानपारा में तुरहनी गांव के पास बना वाटरफाॅल नहाने वालों के लिए काल बन गया है। खतरे को देखते हुए लोग ना तो जागरूक हो रहे हैं और ना ही उनमें इसके प्रति आकर्षण कम हो रहा है। डेंजर जोन में आने के बावजूद लोग जिंदगी की परवाह किए बगैर मौज-मस्ती के लिए खुद को खतरे में डाल देते हैं।
सोनवा थाना क्षेत्र के तुरहनी बलराम गांव के निकट मुख्य सरयू नहर में वाटरफाॅल बनाया गया। जहां नहर चलने पर करीब 20 फिट तो सामान्य दिनों में 12-15 फिट पानी रहता है। इसी वाटरफाॅल से पानी तेज बहाव के साथ गिर कर आगे बढ़ता है। लगातार पानी आने के कारण यहां शैवाल उगे हैं, जिससे हमेशा फिसलन की समस्या रहती है। सिंचाई विभाग की ओर से इस स्थान को डेंजर जोन घोषित किया गया। लोगों से इसमें न जाने की अपील की गई है। इसके बावजूद जिले सहित बहराइच व आसपास क्षेत्र के युवा, किशोर व बच्चे मौज-मस्ती के लिए यहां रोजाना पहुंचते हैं।
पांच दिन पूर्व बहराइच से दोस्त के साथ आया किशोर इसी वाटरफॉल में सेल्फी लेते समय गहरे पानी में डूब गया था। जिसकी लाश तीसरे दिन मिली थी। इससे पूर्व भी यह वाटरफाॅल कई लोगों का काल बन चुका है। इसके बावजूद लोग सबक लेने को तैयार नहीं हैं। रविवार को भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां काफी संख्या में युवा मौज-मस्ती करते नजर आए।