ऐशबाग जलकल की क्षमता बढ़ाने के लिए बिछाई गई राइजिंग मेन लाइन को जोड़ने का काम अनुमानित समय से पहले ही पूरा कर लिया गया।
जल निगम ने सोमवार सुबह 11 बजे शुरू हुए काम के लिए बुधवार 11 बजे तक का समय मांगा था।
लेकिन इसे मंगलवार को ही पूरा कर लिया गया। यानी 48 घंटे लेकर 26 घंटे में ही काम पूरा कर लिया गया।
इसके साथ ही देर शाम नई लाइन में पानी की सप्लाई भी शुरू कर दी गई। दो दिन से पेयजल किल्लत का सामना करना रहे शहरवासियों को बुधवार को दिक्कत नहीं होगी।
लाइन कनेक्ट करने का काम शाम करीब चार बजे तक चलने के कारण ऐशबाग जलकल से जुड़े इलाकों में पानी संकट रहा।
जलकल विभाग की ओर से सुबह डेढ़ घंटे के लिए आपूर्ति की गई,लेकिन प्रेशर कम होने से पर्याप्त पानी नहीं मिल पाया। पानी संकट को कम करने के लिए ही पुरानी लाइन से सुबह के समय आपूर्ति की जा रही थी।
जबकि,शाम के समय 60 टैंकरों की व्यवस्था की गई थी। जलकल विभाग के सचिव राघुवेंद्र कुमार का कहना है कि यदि पुरानी लाइन न चालू रखी जाती तो अधिक समस्या होती।
अब चार लाइनों से पहुंचेगा पानी
गऊघाट पर 1300 एमएम की नई लाइन जुड़ने के बाद अब ऐशबाग जलक ल के लिए चार मेन लाइन हो गई हैं। पहले से पड़ी तीन लाइनों में 1200, 700 और 500 एमएम शामिल है।
इसके बाद अब ऐशबाग जलकल की पानी क्षमता काफी बढ़ जाएगी। लाइन को कनेक्ट करने के साथ ही 1000 एमएम डाया का एक स्लूस वॉल्व भी लगाया गया है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता अजय रस्तोगी ने बताया कि इसके लगने से चार लाइनों से जिसे चाहे चालू या बंद किया जा सकेगा।
जोन एक से टैंकर की डिमांड
सर्दी का मौसम और सुबह के समय आपूर्ति होने से पानी की खास दिक्कत नहीं हुई। सिर्फ जोन एक के लालकुंआ में मंगलवार को दो टैंकर भेज गए।
जोन के अधिशासी अभियंता एसपी सलूजा ने बताया कि अन्य किसी जगह से टैंकर की डिमांड नहीं आई।
जोन तीन के अधिशासी अभियंता आरसी रघुवंशी के अुनसार इलाके में नलकूप लगे होने के चलते दिक्कत नहीं हुई।
इन इलाकों को होगा फायदा
जलकल सचिव राघुवेंद्र कुमार कहना है कि नई लाइन के साथ ही ऐशबाग जलकल में 45एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का काम भी पूरा हो गया है।
एक सप्ताह में नए प्लांट से सप्लाई शुरू हो जाएगी। इसके बाद केकेसी, गढ़ी कनौरा, मेहंदीगंज,एमईएस,बटलर पैलेस,लालबाग,हैवलक रोड व मीराबाई मार्ग जोनल पंपिंग स्टेशन को अधिक मात्रा में पानी दिया जा सकेगा।