लखनऊ। शहर की करीब 20 लाख आबादी को अभी दो दिन और पानी का संकट झेलना होगा। रविवार को गोमती का जलस्तर गऊघाट पर सामान्य से करीब दो फीट नीचे रहा। पानी का स्तर बढ़ाने के लिए ड्रेजिंग भी की जा रही है, मगर उसका कोई फायदा नहीं हो रहा है। इसका सीधा असर पेयजल आपूर्ति पर पड़ रहा है। सिंचाई विभाग ने शाहजहांपुर से नदी में 200 क्यूसेक पानी तो छोड़ा है, मगर इसे गऊघाट तक पहुंचने में दो दिन लग जाएंगे। ऐसे में पिछले दो दिन से बनी पानी की किल्लत अभी दो दिन और रहेगी। गर्मी शुरू होते हुए शहर में पेयजल संकट गहराने लगा है। इसको दूर करने के लिए जलकल विभाग ने सिंचाई विभाग से गोमती में अतिरिक्त पानी छोड़ने की मांग की थी, उसके बाद भी जलस्तर घट रहा है। ऐशबाग और बालागंज जलकल से जुड़ी करीब बीस लाख आबादी को होने वाली पानी की आपूर्ति में एक से दो घंटे की कटौती भी की जा रही है। न्यू हैदरबाद इलाके में तो लोगों को महज आधे घंटे ही पानी मिल रहा है। चारबाग, लालबाग सहित कई इलाकों में पानी की किल्लत बनी हुई है। जलकल विभाग के अधिकारी भी गोमती में पानी की कमी के कारण दिक्कत होने की बात कह रहे हैं। रविवार को गऊघाट पर जलस्तर सामान्य से करीब दो फीट नीचे चला गया।
यह पेयजल आपूर्ति का सिस्टम
शहर की 20 लाख आबादी को पेयजल आपूर्ति ऐशबाग और बालागंज जलकल से की जाती है और इन दोनों जलकलों को कच्चा पानी गऊघाट से दिया जाता है। जब यहां पर पानी का लेवल 346.8 फीट से नीचे जाता है तो दोनों जलकलों को पर्याप्त कच्चा पानी नहीं मिल पाता है। पिछले कई दिनों से गऊघाट पर पानी का लेवल न्यूनतम से करीब एक से दो फीट नीचे चल रहा है। रविवार को गऊघाट पर पानी का लेबल 345 फीट रहा।
सिंचाई विभाग का दावा, छोड़ दिया गया है पानी
सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता मंगलम का कहना है कि पेयजल किल्लत को देखते हुए शहजहांपुर से 200 क्यूसेक पानी गोमती नदी में छोड़ दिया गया है। गोमती को पानी सीतापुर के अटरिया और हरदोई रोड के मेहदुइया चैनल से दिया जाता है। अटरयिा से अभी पानी मिल रहा है। दो दिन में मेहदुइया से भी पानी मिलने लगेगा। इसके बाद गोमती का जलस्तर सामान्य हो जाएगा।
...इधर आज शाम तक कठौता को मिलने लगेगा पानी
19 मई से शारदा सहायक नहर बंद होने से कठौता झील का भी जलस्तर घट गया है, हालांकि यह संकट सोमवार तक दूर हो पाएगा। सिंचाई विभाग ने नौ जून को लखीमपुर से पानी छोड़ा है। जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र ने बताया कि पानी 80 किलोमीटर तक आ गया है। सोमवार शाम तक पानी कठौता तक पहुंच जाएगा।