लखनऊ। करवाचौथ पर मां ने प्रेमिका से मिलने जाने से मना किया तो युवक ने फांसी लगा ली। घरवाले युवक को ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ठाकुरगंज के हुसैनाबाद का रहने वाला शहाबुद्दीन (24) वेल्डिंग मिस्त्री था। उसके भाई निजामुद्दीन के मुताबिक शहाबुद्दीन का दिल्ली की रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ने करवाचौथ पर उसे दिल्ली बुलाया था। बुधवार दोपहर शहाबुद्दीन दिल्ली जाने की तैयारी में था। उसने मां सादिया बानो को बताया तो उन्होंने फटकार लगाई और दिल्ली जाने से मना कर दिया। इससे नाराज शहाबुद्दीन ने रात घर की छत पर फांसी लगा ली। रात डेढ़ बजे सादिया की नींद खुली तो उन्होंने बेटे का शव फंदे पर लटका देख शोर मचाया। लोगों की मदद से शहाबुद्दीन को फंदे से उतारकर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौक पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।