पीडब्ल्यूडी का अधिकारी बनकर नौकरी के नाम पर ठगने वाले प्रयागराज के संदीप गुप्ता को गुडंबा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक कार भी बरामद की है।
प्रभारी निरीक्षक फरीद अहमद के मुताबिक, जागृति विहार कल्याणपुर निवासी राज मोहन भारती ने मुकदमा दर्ज कराया था कि उनके बेटे से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की गई।
ठगी उनके किराएदार संदीप गुप्ता उर्फ एसके अग्रहरि ने की है। संदीप खुद को पीडब्ल्यूडी का अधिकारी बताता था। उसने राज मोहन के मकान के एक हिस्से को किराए पर लिया था।
कार से आने जाने और उससे मिलने वालों की संख्या देखकर अधिकारी होने में संदेेह नहीं हुआ। उसने नौकरी दिलाने के नाम पर ढाई लाख रुपये लिये, लेकिन नौकरी नहीं मिली।
रकम वापस मांगी तो धमकी देने लगा। प्रभारी निरीक्षक फरीद अहमद के मुताबिक, मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी संदीप को पकड़ लिया गया।
संदीप मूलरूप से प्रयागराज के नैनी स्थित कांशीराम कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी कार भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक कई और लोगों से भी ठगी कर चुका है। जानकारी जुटाई जा रही है।