लॉकर काटने के साजिशकर्ता विपिन के खिलाफ वारंट-बी जारी
लखनऊ। चिनहट स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के लॉकर काटकर करोड़ों की चोरी के मास्टरमाइंड सीतापुर निवासी विपिन के खिलाफ कोर्ट से वारंट बी पुलिस ने हासिल कर लिया है। शुक्रवार को पुलिस गाजीपुर जेल में बंद विपिन से पूछताछ करने जाएगी।
इंस्पेक्टर गोमतीनगर राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बृहस्पतिवार को वारंट-बी कोर्ट से हासिल किया गया। अब पुलिस शुक्रवार को वारंट लेकर गाजीपुर जेल जाएगी और वारंट तामील कराने के साथ ही साजिशकर्ता विपिन से पूछताछ की जाएगी। मामले में लखनऊ जेल में बंद आरोपी अरविंद कुमार, बलराम कुमार, कैलाश बिंद और मिथुन को आठ दिनों की पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी लगाई गई है।
विपिन से पूछे जाने वाले सवालों की सूची भी तैयार
- विपिन और बिहार के चोरों की जान-पहचान कब व कैसे हुई।
- वह किन-किन अपराध में जेल में बंद रहा और कहां-कहां।
- जेल से वह कब छूटा।
- लखनऊ से उसका क्या कनेक्शन है और ठिकाना कहां है।
- बैंक में चोरी की साजिश कब रची, कैसे पूरी वारदात को अंजाम दिया।
अब तक हुई कार्रवाई
मामले में अब तक पुलिस बिहार के मुंगेर निवासी अरविंद कुमार व मिथुन, भागलपुर निवासी बलराम कुमार और मुंगेर निवासी कैलाश बिंद और सीतापुर निवासी विपिन कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं दो आरोपी सोविंद और सन्नी दयाल मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं।