मुख्यमंत्री आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर नगर विकास विभाग ने लखनऊ समेत चार नगर निगमों को जहां चेतावनी दी है। जिनमें प्रयागराज, गोरखपुर व गाजियाबाद शामिल हैं। वहीं अन्य नगर निकायों से स्पष्टीकरण मांगने को कहा गया है। स्थानीय निकाय निदेशालय ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।
मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर होने वाली शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा में तमाम नगर निकायों के स्तर पर लापरवाही सामने आई है। इस आधार पर निदेशक स्थानीय निकाय डॉ. काजल ने सभी नगर निकायों को संबंधित निकायों को लटके मामलों को निस्तारित कराने का निर्देश दिया है। खासकर लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर व गाजियाबाद के नगर आयुक्तों को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर लंबति शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा वाराणसी, मुरादाबाद, आगरा, अयोध्या, सहारनपुर, मेरठ, कानपुर, मथुरा, बरेली, शाहजहांपुर, फिरोजाबाद व अलीगढ़ मंडल के निकायों को निर्देश दिया गया है कि उनके यहां जो भी ऐसे मामले हैं उसका जल्द निस्तारण किया जाएगा। साथ दोषी अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने को कहा गया है।