लखनऊ। पारा के बुद्धेश्वर इलाके में सोमवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दीपक वर्मा (25) की मौत हो गई। हादसे में उनके साथी अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए।
बख्शी का तालाब के रैथा निवासी दीपक बंथरा स्थित ऑनलाइन कंपनी के वेयरहाउस में पैकिंग का काम करते थे। चाचा शिवम के मुताबिक, सोमवार रात करीब तीन बजे दीपक अभिषेक के साथ बाइक से ड्यूटी से लौट रहे थे। दीपक हेलमेट पहनकर बाइक चला रहे थे। बुद्धेश्वर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया और मोबाइल फोन के जरिये परिजनों को सूचना दी। परिजन दीपक को निजी अस्पताल ले गए जहां उनकी मौत हो गई। अभिषेक का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। दीपक के परिवार में पिता नागेश्वर, मां और भाई कृष्णा हैं। पारा इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है।