लखनऊ। मेरठ में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश कुनाल उर्फ कुलदीप त्यागी को एसटीएफ ने शनिवार को राजधानी के जानकीपुरम इलाके से गिरफ्तार कर लिया। बुलंदशहर के खुर्जा देहात निवासी कुलदीप मेरठ के मेडिकल थाने में दर्ज एक मुकदमे में वांछित था। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने उसे मेरठ पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
एसटीएफ की नोएडा यूनिट के एएसपी राज कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में डिप्टी एसपी नवेन्दु कुमार और उप निरीक्षक दीपक कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 12वीं तक पढ़ा है और वर्ष 2018 में चोरी की पहली वारदात की थी। नाबालिग होने के कारण बाल सुधार गृह भेजा गया था। इसके बाद उसने एटीएम लूटने का प्रयास किया। जमीन विवाद में हत्या के आरोप में वह करीब डेढ़ वर्ष जेल में भी रहा।
जेल से छूटने के बाद उसने मेरठ की तक्षशिला कॉलोनी में लूट की साजिश रची। 15 अप्रैल 2025 को वह साथियों के साथ लूट के इरादे से एक घर में घुसा लेकिन विरोध होने पर सभी भाग निकले। इसी मामले में कुलदीप वांछित था और उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ कुल पांच प्राथमिकी दर्ज हैं।