डलमऊ (रायबरेली)। कस्बे के कई वार्डों में करीब दो करोड़ की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। निर्माण में की जा रही मनमानी के कारण बृहस्पतिवार रात निर्माणाधीन नाले की एक दीवार गिर गई। कस्बे के लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद भी जिम्मेदार मौन हैं। अधिकारियों की लचर कार्यशैली से लोगों में रोष है।
कस्बे के मोहल्ला शंकर नगर में मुराई बाग चौराहे से पड़वा नाल तक करीब 300 मीटर लंबे नाले का निर्माण करीब 25 लाख की लागत से कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीती रात लगभग 20 मीटर नाले की दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। स्थानीय लोगों ने नाला गिरने की शिकायत ईओ से की। सूचना पर अधिशासी अधिकारी आरती श्रीवास्तव ने मौके पर जाकर कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। कस्बे के नीरज जायसवाल, दिनेश मोदनवाल, राजन वैश्य, अली बख्श आदि ने बताया कि नाले के निर्माण में खराब सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। मामले में ईओ का कहना है कि कस्बे में इस समय करीब दो करोड़ की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसमें नाला, नाली, इंटरलॉकिंग व खडंजा आदि शामिल हैं। नाले को बना रहे ठेकेदार से जवाब तलब किया गया है। जवाब संतोषजनक न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
सभासद ने जेई पर लगाया अभद्रता का आरोप
शंकर नगर वार्ड से सभासद सुनीता जायसवाल का कहना कि निर्माणाधीन नाला गिरने की शिकायत जेई से की गई। महिला सभासद ने जेई पर अभद्र भाषा में बात करने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की है।